मेरठ में बनेगा देश का पहला ड्रोन रनवे: 900 एकड़ में तैयार होगा आसमानी निगरानी का नया ठिकाना

मेरठ l उत्तर प्रदेश के मेरठ को देश की रक्षा और आधुनिक सैन्य तकनीक के क्षेत्र में एक नई पहचान मिलने जा रही है. यहां करीब 900 एकड़ जमीन पर देश का पहला समर्पित मानव रहित विमान (UAV) और ड्रोन रनवे विकसित करने की तैयारी है. प्रोजेक्ट शिवालिक के तहत सीमा सड़क संगठन (BRO) इस महत्वाकांक्षी परियोजना को आगे बढ़ा रहा है. इसके लिए 371.15 करोड़ रुपये का नया टेंडर जारी किया जा चुका है. खास बात यह है कि इस रनवे से केवल ड्रोन ही नहीं, बल्कि C-295 और C-130 जैसे सैन्य परिवहन विमान भी उड़ान भर सकेंगे. मेरठ छावनी के किला रोड स्थित मिलिट्री फार्म की करीब 900 एकड़ जमीन पर इस परियोजना को विकसित किया जाएगा. प्रस्तावित रनवे की लंबाई 2,110 मीटर और चौड़ाई 45 मीटर होगी. इसके साथ ही विमानों और ड्रोन को सुरक्षित रखने के लिए दो बड़े हैंगर भी बनाए जाने की योजना है. प्रत्येक हैंगर 60 मीटर चौड़ा और 50 मीटर लंबा होगा. इस परियोजना के पूरा होने के बाद मेरठ आधुनिक ड्रोन संचालन और सैन्य विमानन के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित हो सकता है. प्रोजेक्ट शिवालिक के तहत पहले करीब 406 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया गया था. बाद में संशोधित प्रक्रिया के तहत BRO के अतिरिक्त महानिदेशक (उत्तर-पश्चिम), चंडीगढ़ कार्यालय से 371.15 करोड़ रुपये का नया टेंडर जारी किया गया. निविदाएं जमा करने की अंतिम तारीख 25 सितंबर 2026 निर्धारित की गई थी, जबकि 26 सितंबर को टेंडर खोले जाने थे. चयनित एजेंसी को सात महीने में विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करनी होगी. मंजूरी के बाद निर्माण कार्य आगे बढ़ेगा. इस परियोजना की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यहां अत्याधुनिक ड्रोन और रिमोटली पायलटेड एयरक्राफ्ट के संचालन की सुविधा होगी. इसके अलावा C-295 और C-130 जैसे सैन्य परिवहन विमानों को भी यहां उतारने और उड़ान भरने के लिए जरूरी व्यवस्था विकसित करने की योजना है. इससे सैन्य जरूरतों के लिए उपकरणों, जरूरी संसाधनों और अन्य सामग्री की आवाजाही में मदद मिल सकती है. आधुनिक युद्ध में ड्रोन की भूमिका तेजी से बढ़ रही है. निगरानी, खुफिया जानकारी जुटाने और संवेदनशील क्षेत्रों की गतिविधियों पर नजर रखने में मानव रहित विमानों का इस्तेमाल महत्वपूर्ण हो गया है. मेरठ में बनने वाला यह केंद्र ड्रोन संचालन, परीक्षण और प्रशिक्षण के लिए भी उपयोगी होगा. यहां से संचालित होने वाले अत्याधुनिक मानव रहित विमान देश की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में योगदान दे सकते हैं. इस रनवे का महत्व केवल सैन्य गतिविधियों तक सीमित नहीं रहेगा. बाढ़, भूकंप और अन्य प्राकृतिक आपदाओं के दौरान ड्रोन के जरिए प्रभावित क्षेत्रों की निगरानी, राहत एवं बचाव अभियान और जरूरी सामग्री पहुंचाने में मदद ली जा सकेगी. इस तरह मेरठ में प्रस्तावित यह परियोजना देश की रक्षा तैयारियों के साथ आपदा प्रबंधन की क्षमता को भी मजबूती देने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *