वीडियो गेम्स बीती आधी सदी से हमारी दुनिया का हिस्सा रहे हैं। 90 के दशक के बच्चों के सबसे पसंदीदा खेलों में से एक वीडियो गेम रहा है मारियो। मारियो की अपनी अलग दुनिया है। उसका मशरूम किंगडम बच्चों से लेकर बड़ों तक की पसंदीदा दुनिया रही है। 1993 में मारियो ब्रदर्स वीडियो गेम से प्रेरित एक फिल्म बनी थी, जो ब्लॉकबस्टर हिट साबित हुई थी। अपने दर्शकों की पुरानी यादें ताजा करने के लिए बड़े परदे पर एक बार फिर मारियो ब्रदर्स की वापसी की है। फिल्म की कहानी मारियो ब्रदर्स के इर्द-गिर्द घूमती है। दोनों भाई अपने प्लंबिंग बिजनेस के लिए प्रोजेक्ट लेने की कोशिश करते हुए एक जादुई पाइप के पास पहुंच जाते हैं जो उन्हें एक नई दुनिया में ले जाता है। मारियो एक मशरूम किंगडम में उतरता है वहीं लुइगी एक डार्क लैंड में जा गिरता है। यहीं से कहानी की शुरुआत होती हैं। जहां मारियो लुइगी को बचाना चाहता है। ऐसा करने के लिए, वह राजकुमारी पीच और उसके टोड्स से मिलता है जो बोउसर के राज्य को नष्ट करने से रोकना चाहते हैं। वे जंगल साम्राज्य से मदद लेते हैं और ऐसा करने में सफल होते हैं। अब, क्या मारियो प्रिंसेस पीच की मदद करने के साथ-साथ लुइगी को बोउसर से बचाने मे सफल हो पाता है या नहीं? ये जानने के लिए तो आपको फिल्म देखनी पड़ेगी। जिन लोगों ने मारियो ब्रदर्स का वीडियो गेम खेला हैं यह फिल्म उनके लिए है क्योंकि इस फिल्म में ऐसी कई चीजें हैं जो आपके पुराने दिनों को ताजा कर देंगी। फिल्म में एनीमेशन और बैकग्राउंड स्कोर काबिले तारीफ है। थ्रीडी स्क्रीन पर फिल्म का प्रभाव अलग तरह का दिखता है। हर किरदार को उनकी पर्याप्त जगह मिली है और इसके साथ ही फिल्म के हर एंगल पर अच्छे से काम किया गया है। फिल्म में रेनबो रोड, मशरूम और कछुआ जैसे कई चीजों को देख कर आपको लगेगा आप वीडियो गेम ही खेल रहे हैं और गेम को जीतने में आप भी लगे हुए हैं। अगर आप मारियो प्रशंसक हैं तो आपको कई बार हंसी भी आएगी। फिल्म को एक वीडियो गेम की तरह दिखाने में निर्देशक सफल रहे हैं। लेकिन, जो इस फिल्म की खूबी है, वही इस फिल्म की कमजोरी भी है। वीडियो गेम की तरह दिखाने के चक्कर में फिल्म कहानी में मात खा जाती है। फिल्म का नाम मारियो ब्रदर्स है लेकिन पूरा काम सिर्फ मारियो का है और लुइगी को असहाय की तरह दिखा दिया गया है।
