भारत जोड़ो यात्रा से ब्रेक लेकर राहुल गांधी सोमवार सुबह दिल्ली में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की समाधि पहुंचे। राहुल के पूर्व PM की समाधि पर पहुंचने के बाद भाजपा ने उन पर हमला बोल दिया है। भाजपा ने कहा है कि अगर कांग्रेस वाकई अटलजी का सम्मान करती है, तो उन्हें अंग्रेजों का मुखबिर कहने वाले गौरव गांधी को कांग्रेस से निकालें। साथ ही उनके बयान के लिए माफी भी मांगें। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कांग्रेस नेता गौरव गांधी ने विवाद के बाद अपना ट्वीट डिलीट कर दिया है। पांधी ने रविवार यानी 25 दिसंबर को अटल की जयंती के मौके पर कहा था- 1942 में RSS के अन्य सदस्यों की तरह अटल बिहारी वाजपेयी ने भारत छोड़ो आंदोलन का बहिष्कार किया। उन्होंने आंदोलन में शामिल होने वाले वालों के खिलाफ ब्रिटिश मुखबिर के तौर पर काम किया। अटल जी पर गौरव गांधी के बयान को आपने देखा, अब जान लीजिए कि गांधी कौन हैं और नेशनल पॉलिटिक्स में बहुत ज्यादा चर्चित न रहने वाले इस नेता के बयान पर विवाद क्यों हुआ है। दरअसल, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने चार नेताओं को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी, यानी AICC का कोऑर्डिनेटर नियुक्त किया है। इनमें राज्यसभा सांसद सैयद नासिर हुसैन, प्रणव झा, गुरदीप सिंह सप्पल और गौरव गांधी शामिल हैं। 39 साल के गौरव गांधी चारों नेताओं में सबसे युवा हैं। कांग्रेस अध्यक्ष का पद संभालने के बाद खड़गे की तरफ से की गई पहली नियुक्ति इन चारों कोऑर्डिनेटर्स की ही थीं। खास बात यह है कि ये सभी नेता पार्टी अध्यक्ष के कार्यालय के तहत काम करेंगे। लिहाजा, गांधी के बहाने भाजपा ने पूरी कांग्रेस पर हमला बोला है। राहुल गांधी सोमवार सुबह सबसे पहले राजघाट गए थे। वहां महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देने के बाद वे जवाहरलाल नेहरू की समाधि पर गए। उसके बाद राहुल ने दादी इंदिरा और पिता राजीव गांधी को भी प्रणाम किया। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा 24 दिसंबर को दिल्ली पहुंची थी। इसके बाद यात्रा में 9 दिन का ब्रेक लिया गया है। इस दौरान यात्रा में शामिल लोग आराम करेंगे और अपने परिवारों से मिल सकेंगे। राहुल की यात्रा 3 जनवरी को गाजियाबाद के लोनी बॉर्डर से उत्तर प्रदेश में यात्रा की एंट्री करेंगी। इसके बाद 4 जनवरी को बागपत, 5 जनवरी को शामली और 6 जनवरी को कैराना से होकर राहुल की यात्रा दूसरे चरण में हरियाणा के सोनीपत में एंट्री करेगी। हरियाणा के बाद यात्रा पंजाब होते हुए जम्मू-कश्मीर के लिए रवाना होगी। 26 जनवरी को राहुल के श्रीनगर पहुंचने का कार्यक्रम है। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा 24 दिसंबर को दिल्ली पहुंची। यहां शनिवार शाम उन्होंने लाल किले से जनता को संबोधित किया। राहुल ने कहा कि बीजेपी ने मेरी इमेज खराब करने के लिए करोड़ों रुपए लगा दिए, मैं एक शब्द नहीं बोला। मैंने भारत जोड़ो यात्रा से एक महीने में देश को सच्चाई दिखा दी। राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा रोकने से इनकार कर दिया है। हरियाणा के नूंह में उन्होंने कहा- केंद्र सरकार ने अब नया फॉर्मूला निकाला है। मुझे चिट्ठी लिखी है कि मास्क लगाओ… कोविड फैल रहा है। ये सब यात्रा रोकने के हथकंडे हैं। हिंदुस्तान की सच्चाई से ये लोग डर गए हैं। हमारी यात्रा कश्मीर तक जाएगी। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा जब राजस्थान से हरियाणा में दाखिल हुई।
