पीएम नरेंद्र मोदी शुक्रवार को वाराणसी में हैं। वह रुद्राक्ष कन्वेंशन में टीवी दिवस पर आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल हुए। यहां पीएम ने कहा,”टीबी बीमारी के खिलाफ हमारे संकल्प को काशी एक नई ऊर्जा देगी। मोदी ने टीबी को हराने के लिए 5T- ट्रेस, टेस्ट, ट्रैक, ट्रीट एंड टेक्नोलॉजी का मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि भारत की वसुधैव कुटुंबकम की भावना है। इसलिए भारत ने जी-20 थीम का नाम वन वर्ल्ड, वन फैमिली, वन फ्यूचर रखा है।” इससे पहले, पीएम ने संबोधन की शुरुआत हर-हर महादेव से की। इस कार्यक्रम में 40 देशों के प्रतिनिधि पहुंचे हैं। पीएम ने इस दौरान गांधी जी से जुड़ी एक कहानी भी सुनाई। कहा, “एक बार गांधीजी को लेप्रेसी के अस्पताल का उद्घाटन करने के लिए बुलाया गया। उन्होंने कहा कि जब आप लोग इस अस्पताल को बंद कराने के लिए बुलाएंगे तो मुझे खुशी होगी। 2001 में जब गुजरात के लोगों ने मुझे सेवा का अवसर दिया तो मुझे लगा कि गांधीजी का एक काम अधूरा है। तब लेप्रेसी के खिलाफ हमने अभियान चलाया। 2007 में लेप्रेसी के उस अस्पताल में ताला लग गया। बीमारी की रेट 23% से कम होकर 1% से पहुंच गई।”पीएम ने कहा, “9 साल में भारत ने टीबी के खिलाफ अनेक मोर्चों पर एक साथ काम किया। जैसे जन भागीदारी, पोषण के लिए विशेष अभियान, इलाज के लिए नई रणनीति, तकनीक का भरपूर इस्तेमाल, अच्छी हेल्थ को बढ़ावा देने वाले खेलो इंडिया, योग को बढ़ावा दिया। भारत ने टीबी के खिलाफ जन भागीदारी अभियान बहुत यूनिक तरीके से चलाया। दूसरे देशों से आए हमारे अतिथियों के लिए यह जानना काफी दिलचस्प होगा। 10 लाख टीबी मरीजों को भारत के सामान्य लोगों ने एडॉप्ट किया है। यहां पर 10-12 साल के बच्चे भी निक्षय मित्र बनकर टीबी को हरा रहे हैं।”
- केंद्रीय हेल्थ मिनिस्टर मनसुख मांडविया ने कहा, “पीएम मोदी ने प्रतिबद्धता रखी थी की साल 2025 तक हम देश को टीबी मुक्त करेंगे। जबकि पूरे विश्व में यह लक्ष्य 2030 का है। भारत इससे पांच साल पहले ही निजात पाने के लिए प्रयासरत है।”
- टीबी कांफ्रेंस की अध्यक्षता कर रहीं डेलीगेट ने मंच से कहा, “टीबी को हराने के लिए हमें एक भविष्य, एक परिवार, एक दुनिया और एक नेता चाहिए। जिसको हमने बनारस में पा लिया है।” यह सुनकर पीएम मोदी मुस्कुरा दिए।
- सीएम ने कहा-हम टीबी मुक्त भारत बनाने के करीब हैं। यूपी भारत में सबसे ज्यादा आबादी वाला राज्य है। यहां 16.90 लाख मरीजों को डीबीटी के जरिए मदद पहुंचाई गई। 2.25 लाख मरीजों को गोद लिया गया। उन्हें पोषण सुविधा दिलाई गई। इसमें 70% सही हो चुके हैं।
- पीएम मोदी ने कन्वेंशन सेंटर में समिट से जुड़ी प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। सीएम योगी और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल उनके साथ हैं।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में देश के पहले अर्बन ट्रांसपोर्ट रोप-वे का शिलान्यास करने वाले हैं। इसके अलावा, वर्ल्ड क्लास इनडोर स्टेडियम समेत 1800 करोड़ के प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास-लोकार्पण करेंगे। काशी में पीएम का स्वागत खास जरदोजी अंगवस्त्रम् और मेटल की बनी चतुर्भुजी दुर्गा की मीनाकारी प्रतिमा देकर किया गया। TB दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में पीएम मोदी ने टीबी मुक्त पंचायत पहल के साथ टीबी निवारक उपचार (TPT) प्रोग्राम की शुरुआत की। यह पूरे देश में लागू होगा। साथ ही, टीबी के लिए परिवार केंद्रित केयर मॉडल और भारत की वार्षिक टीबी रिपोर्ट- 2023 भी जारी किया।
