प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जापान में जी-7 और क्वाड बैठकों में शामिल होने के बाद रविवार को पापुआ न्यू गिनी पहुंचे। यहां उन्होंने फोरम फॉर इंडिया-पैसिफिक आइलैंड्स को-ऑपरेशन (एफआईपीआईसी) के तीसरे शिखर सम्मेलन में भाग लिया। बैठक के बाद पीएम मोदी ने प्रशांत क्षेत्र के कई देशों के नेताओं से मुलाकात कर दोस्ती की ओर एक और कदम बढ़ाया है। एक वैश्विक नेतृत्वकर्ता के तौर पर भारत के इन्हीं कदमों के लिए पपुआ न्यू गिनी और फिजी के प्रधानमंत्री ने पीएम मोदी को अपने देश का सर्वोच्च सम्मान- ‘कंपैनियन ऑफ द ऑर्डर ऑफ फिजी’ प्रदान किया। दुनिया में अब तक सिर्फ कुछ ही गैर-फिजीवासियों को यह सम्मान दिया गया है। पीएम नरेन्द्र मोदी ने पापुआ न्यू गिनी के प्रधानमंत्री जेम्स मारापे के साथ सोमवार को मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा की। इस मौके पर पापुआ न्यू गिनी के प्रधानमंत्री जेम्स मारपे ने पीएम मोदी की तारीफ की। उन्होंने पीएम मोदी को ग्लोबल साउथ का लीडर बताया। पीएम जेम्स मारपे ने कहा कि हम ग्लोबल पावरप्ले के शिकार हैं, लेकिन आप (पीएम मोदी) ग्लोबल साउथ के लीडर हैं। हम ग्लोबल फोरम पर भारत नेतृत्व के साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने कहा कि प्रशांत द्वीप राष्ट्र भारत के प्रधानमंत्री को वैश्विक दक्षिण के नेता के रूप में मानते हैं और हम वैश्विक मंचों पर भारत के नेतृत्व का समर्थन करेंगे।
