बढ़ सकता है जेपी नड्डा का कार्यकाल

दिल्ली में भाजपा पदाधिकारियों की बैठक शुरू हो गई है। यह बैठक पार्टी मुख्यालय में हो रही है, जिसमें पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा और भाजपा महासचिव (संगठन) बीएस संतोष समेत अन्य नेता मौजूद हैं। बता दें कि राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक के बाद दोपहर में भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक भी होनी है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, 35 केंद्रीय मंत्री, 12 राज्यों के मुख्यमंत्री और सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के अध्यक्ष हिस्सा लेंगे। पदाधिकारियों की बैठक में राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में पेश किए जाने वाले प्रस्तावों पर चर्चा होगी। 

बढ़ सकता है जेपी नड्डा का कार्यकाल 
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा का कार्यकाल खत्म होने वाला है। ऐसे में चर्चा है कि जेपी नड्डा का कार्यकाल एक साल के लिए बढ़ाया जा सकता है। जिस पर भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में मुहर लग सकती है। बता दें कि अगले साल लोकसभा चुनाव होने हैं, ऐसे में भाजपा किसी नए अध्यक्ष को लोकसभा चुनाव की जिम्मेदारी सौंपने के बजाय जेपी नड्डा के कार्यकाल को ही विस्तार दे सकती है। इस साल 9 राज्यों में विधानसभा चुनाव भी होने हैं।

पीएम मोदी करेंगे रोड शो
भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली में रोड शो भी करेंगे। यह रोड शो संसद  मार्ग से शुरू होकर एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर पर खत्म होगा, जहां भाजपा की दो दिवसीय राष्ट्रीय  कार्यकारिणी की बैठक होनी है। दिल्ली की सड़कों पर पीएम मोदी के रोड शो के बड़े-बड़े होर्डिंग्स और कट आउट भी लगे हुए हैं।  

राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में इन मुद्दों पर रह सकता है फोकस
भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के फोकस में इस साल 9 राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव और अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव रहेंगे। ऐसे में पार्टी की बैठक में जनता की जरूरतों वाले मुद्दों पर मंथन होगा। साथ ही मुस्लिम महिलाओं की सामाजिक सुरक्षा पर भी चर्चा हो सकती है। भाजपा की प्रवास योजना और बूथ स्तर की टीमों को मजबूत करने पर पार्टी का फोकस रहेगा। राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में लोकसभा चुनाव में नेताओं को दी जाने वाली जिम्मेदारियों पर भी चर्चा होगी। कुछ नेताओं को चुनावी राज्यों में बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *