क्रिसमस पार्टी के दौरान जय श्रीराम लगे नारे, शराब के नशे में दो गुटों में मारपीट 

लखनऊ में गोमती नगर स्थित समिट बिल्डिंग में रविवार को क्रिसमस पार्टी के दौरान जय श्रीराम के नारे लगे। इससे पहले शराब के नशे में दो गुटों में मारपीट हो गई। बेल्ट से एक-दूसरे पर हमला किया। इसमें कई लड़के घायल हो गए। विवाद इतना बढ़ गया कि अफरा-तफरी मच गई। पुलिस को फोन किया गया। जब तक पुलिस पहुंची तब तक उपद्रवी भाग निकले। अब पुलिस सीसीटीवी और वहां स्टाफ से मिले वीडियो के आधार पर आरोपियों को पता कर रही है। दरअसल, रविवार देर शाम समिट बिल्डिंग की 13वीं फ्लोर पर क्रिसमस पार्टी चल रही थी। छुट्‌टी होने के कारण काफी भीड़ थी। अचानक लड़कों के दो गुटों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। स्टॉफ ने लड़कों को समझाने की कोशिश की। लेकिन, वह नहीं माने। लड़कों ने बेल्ट निकाल ली और एक दूसरे को मारना शुरू कर दिया। यह देखकर एक गुट के लड़कों ने जयश्री राम के नारे लगाने शुरू कर दिए। क्रिसमस पार्टी में अचानक जयश्री राम के नारे लगने से लोग चौंक गए। हंगामा बढ़ता देखकर लड़कियों के साथ यहां आए लड़के पार्टी छोड़कर जाने को मजबूर हो गए। इस घटना के जो वीडियो सामने आए हैं, इसमें सुरक्षा गार्ड तमाशबीन नजर आ रहे हैं। वह लड़कों को रोकने की कोशिश नहीं कर रहे हैं। हालांकि, जब पुलिस की गाड़ी बिल्डिंग के नीचे पहुंचने के बाद उपद्रवी भाग निकले। पुलिस 13 फ्लोर पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही रही थी तभी फर्स्ट फ्लोर पर कुछ और लड़के नशेबाजी में भिड़ गए। हालांकि किसी को पकड़ा नहीं जा सका। यह पहला मौका नहीं है, जब समिट बिल्डिंग में नशेबाजी को लेकर विवाद हुआ है। इसके पहले भी यहां विवाद हुआ है। वहां पर चौकी भी खोली गई, लेकिन कोई खास सुधार नहीं हुआ। सूत्रों के मुताबिक रविवार रात को पहले BOOM BOX फिर VINTAGE MACHINE में मारपीट हुई। विभूतिखंड इंस्पेक्टर राम सिंह के मुताबिक नशेबाजी में मारपीट की सूचना मिली थी। पुलिस के पहुंचने से पहले उपद्रवी भाग गए थे। मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *