हॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री रैक्वेल वेल्च ने 82 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया

हॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री से एक दुखद खबर सामने आ रही है। 1960 के दशक में अपने हुस्न का जलवा बिखेर कर लोगों के दिलों में अपनी जगह बनाने वाली अभिनेत्री रैक्वेल वेल्च का निधन हो गया है। रैक्वेल वेल्च ने 82 साल की उम्र में अंतिम सांस ली। मशहूर अदाकारा और इंटरनेशनल सेक्स सिंबल के रूप में ख्याति प्राप्त करने वाली रैक्वेल काफी समय से बीमार थीं और बीमारी के चलते ही उन्होंने इस दुनिया को अलविदा कह दिया।  रैक्वेल वेल्च के निधन की पुष्टि अभिनेत्री के मैनेजर द्वारा की गई है। रैक्वेल के मैनेजर स्टीव साउएर ने अभिनेत्री के निधन की जानकारी देते हुए कहा, ‘अभिनेत्री बीमारी के बाद आज सुबह दुनिया को अलविदा कह गई हैं।’ इसके साथ ही मैनेजर ने आगे कहा, ‘रैक्वेल का करियर 50 वर्षों का था। अपने करियर में अभिनेत्री ने 30 फिल्मों और 50 टीवी शोज में काम किया था। इसके साथ ही रैक्वेल ने बहुत सारे प्रोजेक्ट्स में कैमियो भी किए हैं।’ आपको बता दें, बोल्ड किरदारों के लिए लोगों के बीच मशहूर रैक्वेल गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड भी जीत चुकी हैं।  रैक्वेल के परिवार की बात करें तो उनके दो बच्चे हैं, जिनमें एक बेटा डेमन वेल्च और दूसरी बेटी टहनी वेल्च है। रैक्वेल ने अपना करियर साल 1960 में हॉलीवुड में डेब्यू किया था। लेकिन उन्हें पहचान साल 1966 में आई ‘फैंटास्टिक वोयाज’ और ‘वन मिलियन इयर्स बी.सी.’ फिल्मों से मिली थी। इन फिल्मों में रैक्वेल ने अपनी ऐसी अभिनय शैली का प्रदर्शन किया था कि लोग उनके दीवाने हो गए थे। इन फिल्मों के बाद रैक्वेल ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। साल 1973 में आई फिल्म ‘द थ्री मास्कीटियर्स’ के लिए रैक्वेल को हॉलीवुड के सब प्रतिष्ठित अवॉर्ड गोल्डन ग्लोब से नवाजा गया था।  ‘वन मिलियन इयर्स बी.सी.’ में रैक्वेल ने अपनी फिगर को फ्लॉन्ट किया था, जिसके कारण उन्हें सेक्स सिंबल और सेक्स बॉम्ब का नाम मिला था। इसके चलते रैक्वेल को कई बोल्ड किरदारों के ऑफर मिले थे। उनकी मशहूर फिल्मों की बात करें तो रैक्वेल ने ‘100 राइफल्स’, ‘द प्रिंस एंड द पॉपर’, ‘चेयरमैन ऑफ द बोर्ड’ और ‘लीगली ब्लॉन्ड’ जैसे कई प्रोजेक्ट्स में काम किया था। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *