मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री एवं रेल मंत्री का जताया आभार

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने देवभूमि उत्तराखण्ड को देहरादून-दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस एवं राज्य के समस्त रेल मार्गों को विद्युतीकरण की सौगात देने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं केन्द्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव का उत्तराखंड की जनता की ओर से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आज देवभूमि उत्तराखंड के लिए ऐतिहासिक दिन है, हम सभी को इसका साक्षी बनने का मौका मिल रहा है, यह हमारा सौभाग्य है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी के उत्तराखंड के प्रति विशेष प्रेम का ही प्रतिफल है कि आज से महज साढ़े चार घन्टे में देहरादून से दिल्ली का सफर पूरा होगा। नये युग की रेल सेवा वंदे भारत एक्सप्रेस प्रधानमंत्री जी के प्रगतिशील और आत्मनिर्भर भारत के विजन का साक्षात उदाहरण है। आज प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में हम भारतीय रेल के स्वर्णिम युग की तरफ बढ़ रहे हैं। स्वदेश में निर्मित भारत की पहली सेमी हाई स्पीड ट्रेन वंदे भारत उभरते हुए भारत की बुलंद तस्वीर को प्रदर्शित करती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज विश्व के अधिकतर देश गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं, प्रधानमंत्री जी के कुशल नेतृत्व में हमारा देश लगातार विकास के पथ पर बढ़ रहा है और भारत पांचवी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश बन गया है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन में केंद्र सरकार के सहयोग से उत्तराखण्ड तेजी से विकास की ओर अग्रसर हो रहा है। प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन और केंद्र सरकार के सहयोग से उत्तराखंड में बहुत से ऐसे काम हुए हैं, जो कि पहले मुमकिन नहीं लग रहे थे। पहाड़ में रेल चलने का सपना उत्तराखंड का हर बच्चा देखा करता था। उत्तराखंड में पहाड़ तक ट्रेन पहुंचाने का सपना सच होने जा रहा है। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन पर तेजी से कार्य हो रहा है। सड़क, रेल, हेली सेवा और रोपवे सेवा के माध्यम से प्रधानमंत्री जी के विजन के अनुरूप उत्तराखंड के सुदूर क्षेत्रों को भी विकास की मुख्य धारा से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है।

केन्द्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि आज सौभाग्य का दिन है देवभूमि उत्तराखण्ड के लिए एक अत्याधुनिक ट्रेन वंदे भारत की सौगात प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी द्वारा दी गई है। इस पवित्र भूमि के लिए 10 साल पहले जब रेलवे के विकास की बात आती थी तो केन्द्र सरकार की ओर से इसके लिए मात्र 187 करोड़ रूपये मिलते थे। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने देवभूमि उत्तराखण्ड को इस साल रेलवे के विकास के लिए 05 हजार करोड़ रूपये की धनराशि दी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का देवभूमि उत्तराखण्ड से भावनात्मक जुड़ाव है। उनके मार्गदर्शन में केन्द्र सरकार के सहयोग से राज्य में अनेक बड़ी परियोजनाओं पर कार्य हो रहा है। 5 जी की सुविधा, फाइबर कनेक्टिविटी के विस्तार, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाईन जिसमें 125 किमी में से 104 किमी टनल है पर कार्य हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *