मोदी सरकार के 9 साल पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पूरे देश में एक महीने का यानी 30 मई से 30 जून तक विशेष जन संपर्क अभियान चलाएगी. पीएम नरेंद्र मोदी 30 मई को एक विशाल रैली के साथ इस संपर्क अभियान का शुभारंभ करेंगे. 31 मई को भी पीएम मोदी की रैली होगी. माना जा रहा है कि चुनावी राज्यों मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में पीएम मोदी की यह रैली आयोजित हो सकती है. हर लोकसभा क्षेत्र में जन संपर्क अभियान चलाया जाएगा. सभी जिला, मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ पर विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे. इसके जरिए मोदी सरकार की नीतियों और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाया जाएगा. 29 मई को पूरे देश में एक साथ प्रेस कांफ्रेंस आयोजित होंगी. प्रदेश की राजधानियों में मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री, नेता प्रतिपक्ष प्रेस कांफ्रेंस करेंगे. शाम को वे सभी सोशल मीडिया इंफ्लुअर्स के साथ वार्ता करेंगे और सरकार की उपलब्धियों को साझा करेंगे. यह अभियान 30 मई और 31 मई को होगा. देश भर में बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं की 51 रैलियां होंगी. 396 लोकसभा सीटों पर जन सभाएं होंगी, जिनमें केंद्रीय मंत्री या पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारी का होना अनिवार्य है. मुख्यमंत्री, नेता प्रतिपक्ष, सांसद एवं विधायक भी इन रैलियों और जनसभाओं में शामिल होंगे. संपर्क से भी समर्थन प्राप्त किया जाएगा. देश भर में एक लाख विशिष्ट परिवारों से संपर्क साधा जाएगा. हर लोक सभा में 250 विशिष्ट परिवारों से संपर्क होगा. इस अभियान में नेता प्रतिपक्ष, प्रदेश अध्यक्ष एवं पार्टी के अन्य वरिष्ठ सदस्य शामिल होंगे. प्रदेश के प्रभावशाली व्यक्तियों जैसे खिलाड़ी, कलाकार, उद्योगपति, शहीद एवं अन्य प्रसिद्ध परिवारों से संपर्क साधा जाएगा. 1 से 22 जून तक अन्य कार्यक्रम करने का निर्देश दिया गया है.
