समाजवादी पार्टी संविधान दिवस पर ‘जन-मन घोषणापत्र’ और ‘सत्ताइस का संकल्प’ जारी करेगी

उत्तर प्रदेश l उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. पार्टी 26 नवंबर यानी संविधान दिवस के अवसर पर अपना चुनावी घोषणापत्र जारी करेगी. सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव कल दोपहर 3 बजे इन घोषणापत्रों को लॉन्च करेंगे. पार्टी इस बार चुनावी वादों को लेकर अलग रणनीति अपना रही है. इसके तहत प्रदेश स्तर के साथ जिलों और राजधानी लखनऊ के लिए भी अलग-अलग चुनावी दस्तावेज तैयार किए गए हैं. समाजवादी पार्टी इस बार अपने चुनावी एजेंडे को तीन तरह के दस्तावेजों के जरिए जनता के सामने रखेगी. इनमें ‘जन-मन घोषणापत्र’, ‘सत्ताइस का संकल्प’ और ‘संकल्प PDA प्रमाण पत्र’ शामिल हैं. संविधान दिवस के मौके पर इनकी घोषणा की जाएगी. पार्टी का फोकस प्रदेश की जनता की जरूरतों और स्थानीय मुद्दों पर रहेगा. ऐसे में अखिलेश यादव के इन दस्तावेजों में शामिल होने वाले चुनावी वादों को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है. सपा की इस चुनावी रणनीति की खास बात यह है कि पार्टी केवल प्रदेश स्तर पर घोषणाएं नहीं करेगी, बल्कि स्थानीय जरूरतों को भी अपने एजेंडे में जगह देगी. इसके तहत उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों के लिए अलग-अलग चुनावी दस्तावेज जारी किए जाएंगे. हर जिले और मंडल के लिए अलग घोषणापत्र तैयार किया गया है. इसके अलावा राजधानी लखनऊ के लिए भी अलग दस्तावेज होगा. अब देखना होगा कि पार्टी इन दस्तावेजों के जरिए किन स्थानीय समस्याओं और मांगों को प्राथमिकता देती है. सपा के घोषणापत्र में महिलाओं की पेंशन, मुफ्त बिजली और स्वरोजगार के लिए आर्थिक सहायता जैसे मुद्दों को जगह मिलने की संभावना जताई जा रही है. वहीं, राजधानी लखनऊ के लिए मुफ्त मेट्रो यात्रा का वादा भी चर्चा में है. हालांकि, इन प्रस्तावों को लेकर पार्टी की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. ऐसे में सभी की निगाहें 26 नवंबर को होने वाली घोषणा पर टिकी हैं कि अखिलेश यादव जनता से क्या-क्या चुनावी वादे करते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *