जडेजा का हैरान करने वाला कैच,टीम इंडिया 3 वनडे की सीरीज में 1-0 से आगे

भारत ने ऑस्ट्रेलिया को पहले वनडे में 5 विकेट से हरा दिया। इसके साथ ही टीम इंडिया 3 वनडे की सीरीज में 1-0 से आगे हो गई है। दूसरा वनडे रविवार को विशाखापट्टन में खेला जाएगा। पहले मैच की पहली पारी में डाइविंग कैच लेने वाले भारत के रवींद्र जडेजा प्लेयर ऑफ द मैच रहे। एक्टर रजनीकांत ने VIP एरिया में बैठकर मैच देखा, स्टेडियम में ‘सचिन…सचिन…’ का शोर गूंजा और मोहम्मद सिराज ने फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो के अंदाज में सेलिब्रेशन किया। मैच के ऐसे ही टॉप मोमेंट्स इस खबर में हम जानेंगे। पहली पारी में ऑस्ट्रेलियाई ओपनर मिचेल मार्श ने 81 रनों की आतिशी पारी खेली। रवींद्र जडेजा ने उन्हें हार्दिक पंड्या के हाथों कैच आउट कराया। इसके बाद जडेजा ने मार्नस लाबुशेन का शानदार डाइविंग कैच पकड़ा। 23वें ओवर की चौथी बॉल कुलदीप यादव ने ऑफ स्टंप पर शॉर्ट ऑफ गुड लेंथ फेंकी। लाबुशेन ने कट किया, जडेजा शॉर्ट थर्ड मैन से बैकवर्ड पॉइंट की ओर दौड़े और 10 फीट दूर डाइव लगाकर कैच पकड़ लिया। लाबुशेन को 15 रन के स्कोर पर ही पवेलियन लौटना पड़ा। जडेजा ने इसके बाद ग्लेन मैक्सवेल का विकेट भी लिया। फिर दूसरी पारी में केएल राहुल के साथ 108 रनों की नाबाद पार्टनरशिप कर टीम इंडिया को जीत भी दिलाई। इस प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड दिया गया। भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में मैच देखने के लिए कई पूर्व क्रिकेटर और बॉलीवुड के सितारे पहुंचे। इनमें एक्टर रजनीकांत और अजय देवगन भी शामिल रहे। इनके अलावा उद्योगपति आनंद महिंद्रा, महाराष्ट्र के डिप्टी CM देवेंद्र फडणवीस, पूर्व ICC चेयरमैन शरद पवार और पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद अजहरुद्दीन भी पहुंचे थे। सभी ने VIP लॉन्ज में बैठकर मैच का लुत्फ उठाया। मोहम्मद सिराज ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले वनडे में 29 रन देकर 3 विकेट लिए। ओपनर ट्रेविस हेड को बोल्ड करने के बाद उन्होंने सीन एबॉट और एडम जांपा के विकेट भी लिए। ऑस्ट्रेलियाई पारी में आखिरी विकेट लेने के बाद उन्होंने हवा में जंप किया। उनका सेलिब्रेशन पुर्तगाल के फेमस फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो की तरह रहा। सिराज अक्सर विकेट लेने के बाद इसी तरह सेलिब्रेट करते नजर आते हैं। सचिन तेंदुलकर मुंबई के लिए घरेलू क्रिकेट खेलते थे। उनके नाम पर वानखेड़े स्टेडियम में स्टैंड भी बना है। मैच के दौरान एक मोमेंट ऐसा भी था, जब स्टेडियम में बैठे दर्शक ‘सचिन…सचिन…’ का नारा लगा रहे थे। दर्शकों से भरे स्टेडियम में सचिन के अलावा विराट कोहली, केएल राहुल और रवींद्र जडेजा के नाम के नारे भी लगे। मैच की पहली पारी में फील्डिंग के दौरान भारत के विराट कोहली ऑस्कर विनिंग गाने ‘नाटू-नाटू’ के डांस स्टेप करते नजर आए। पहले पावरप्ले के दौरान विराट स्लिप में खड़े थे, उस दौरान स्टेडियम में नाटू-नाटू गाना बजने लगा, इस पर विराट डांस करने लगे थे। विराट मैच में बैट से कुछ खास नहीं कर सके और 9 बॉल में 4 रन बनाकर अपने वनडे करियर में पहली बार मिचेल स्टार्क का शिकार हुए। 189 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत खराब रही। टीम ने दूसरे ही ओवर में ईशान किशन का विकेट गंवा दिया। उनके बाद पांचवें ओवर में मिचेल स्टार्क ने विराट कोहली और सूर्यकुमार यादव को भी पवेलियन भेज दिया। स्टार्क ने कोहली को ओवर की पांचवीं और सूर्यकुमार को छठी बॉल पर LBW किया। सूर्या के आउट होते ही भारत का स्कोर 16 रन पर 3 विकेट हो गया था, जिसके बाद स्टेडियम में सन्नाटा छा गया। स्टार्क ने 9.5 ओवर में 3 विकेट लेकर अपना स्पेल खत्म किया, लेकिन विकेटकीपर केएल राहुल और रवींद्र जडेजा की दमदार बैटिंग के बाद भारत ने मैच 5 विकेट से जीत लिया। भारत के ओपनर शुभमन गिल ने पहली पारी में एक आसान सा कैच छोड़ा। हार्दिक पंड्या की बॉल पर ऑस्ट्रेलिया के कैमरून ग्रीन ने कट किया, लेकिन बॉल स्लिप में चली गई। गिल ने कैच लेने की कोशिश की, लेकिन बॉल उनके हाथ से छूट गई। गिल ने इस गलती को सुधारा और आखिर में मार्कस स्टोयनिस और सीन एबॉट के शानदार कैच भी पकड़े। दूसरी पारी में बैटिंग करने आए गिल को भी किस्मत का साथ मिला। ऑस्ट्रेलियाई कप्तान स्टीव स्मिथ और विकेटकीपर जोश इंग्लिस ने उनके कैच छोड़े। एक बार LBW करार दिए जाने के बाद वह रिव्यू में बच गए। इन जीवनदानों का भी वह फायदा नहीं उठा सके और 11वें ओवर में स्टार्क की बॉल पर पॉइंट पर खड़े मार्नस लाबुशेन को कैच दे बैठे। गिल ने 31 बॉल में 20 रन बनाए। भारत ने ऑस्ट्रेलिया को वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में 5 विकेट से हरा दिया। टीम ने शुक्रवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में 11 साल बाद वनडे में जीत हासिल की। इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है। सीरीज का दूसरा वनडे 19 मार्च को वाइजैग में खेला जाएगा। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *