कंबोडिया के एक कैसिनो में गुरुवार को भीषण आग लग गई थी, जिसमें अब तक 25 लोगों की मौत हो चुकी है। अधिकारियों का कहना है कि कुछ लाशों को सीढ़ियों के नीचे और कमरों से निकाला गया है। लगभग 22 घंटे से रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। अभी और भी शवों के मिलने की आशंका है।
बचने के लिए लोग छत से कूदे
लोकल एडमिनिस्ट्रेशन के मुताबिक, आग इतनी भयानक थी कि उससे बचने के लिए लोग छत से कूदने लगे थे। इससे दो लोगों की मौत हुई, वहीं 4-5 लोगों के पैर टूटे। आग पॉयपेट के ग्रैंड डायमेंड सिटी होटल के कैसिनो में देर रात साढ़े 11 बजे लगी। ये थाईलैंड के बॉर्डर वाला इलाका है। हादसे के समय वहां करीब 400 लोग मौजूद थे।
आग से करीब 70 लोग घायल, 700 को बचाया गया
इस हादसे में करीब 70 लोग घायल हुए। आग किस वजह से लगी, इसका पता नहीं चल पाया है। प्रशासन इसकी जांच में जुटा हुआ है। लोकल मीडिया के मुताबिक, इस होटल में काफी सारे लोग थाईलैंड के थे। रेस्क्यू टीम ने 700 लोगों को मौके पर बचाया। न्यूज एजेंसी AFP के मुताबिक, घायल हुए कुछ लोगों को थाईलैंड के सा कोइओ प्रोविंस के अस्पताल में भेजा गया था।
रूम में ही अटके रहे लोग, 7 शव मिले
अधिकारियों ने बताया कि होटल एडमिनिस्ट्रेशन रूम और ऐलिवेटर के लिए इलेक्ट्रिक सिस्टम का इस्तेमाल करता है। जब बिल्डिंग में आग लगी, तब बिजली गुल हुई और सिस्टम ने काम करना बंद कर दिया। इससे लोग अपने कमरे में ही कैद रह गए और आग में झुलस गए। रेस्क्यू टीम को कमरों में 7 लाशें मिली हैं।
