रामलीला मैदान में आम आदमी पार्टी की रैली, अरविंद केजरीवाल करेंगे संबोधित

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में प्रशासनिक सेवाओं पर नियंत्रण संबंधी केंद्र के अध्यादेश के खिलाफ आम आदमी पार्टी (आप) आज दिल्ली के रामलीला मैदान में एक मेगा रैली का आयोजन कर रही है. दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप के संयोजक अरविंद केजरीवाल, पंजाब में उनके समकक्ष भगवंत मान, दिल्ली के मंत्री गोपाल राय और पार्टी सांसद संजय सिंह आज रैली को संबोधित करेंगे.फेमस वकील और पूर्व केंद्रीय मंत्री कपिल सिब्बल रैली को संबोधित करेंगे और अध्यादेश के कानूनी और संवैधानिक पहलुओं के बारे में बात करेंगे.सिब्बल मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आमंत्रण पर रैली में शामिल हो रहे हैं.रैली को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने रामलीला मैदान के आसपास भारी सुरक्षा बंदोबस्त किया है. आम आदमी पार्टी के एक पदाधिकारी ने कहा, “सिब्बल को संवैधानिक विशेषज्ञ के रूप में रैली को संबोधित करने के लिए आमंत्रित किया गया है.उन्हें दिल्ली की संवैधानिक स्थिति के बारे में बेहतर समझ है. केंद्र सरकार ने 19 मई को जारी अध्यादेश के जरिये राष्ट्रीय राजधानी सिविल सेवा प्राधिकरण की स्थापना की थी, जिसके माध्यम से उसने सेवाओं से संबंधित मामलों पर कार्यकारी नियंत्रण वापस अपने हाथ में ले लिया था.यह अध्यादेश 11 मई के उच्चतम न्यायालय के एक फैसले के बाद जारी किया गया था, जिसके तहत शीर्ष अदालत ने पुलिस, सार्वजनिक व्यवस्था और भूमि से संबंधित मामलों को छोड़कर दिल्ली सरकार को सेवा से संबंधित सभी मामलों में कार्यकारी नियंत्रण प्रदान किया था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *