नैमिषारण्य में हवन पूजन के साथ सपा लोकसभा चुनाव अभियान का आगाज नौ जून से करेगी। यहां होने वाले दो दिवसीय कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर में कार्यकर्ताओं को डॉ. आंबेडकर, डॉ. लोहिया के विचारों से वाकिफ कराया जाएगा। साथ ही नर्म हिंदुत्ववाद का संदेश देने की भी कोशिश होगी। शिविर में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव सहित अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। सपा लोकसभा चुनाव को लेकर फूंक-फूंककर कदम बढ़ा रही है। वह आरक्षण के मुद्दे पर मुखर है। संविधान बचाने की अपील कर रही है। भाजपा को संविधान विरोधी बताते हुए लोहियावादियों और आंबेडकरवादियों को एक मंच पर लाने में जुटी है। दलितों एवं अति पिछड़ों को जोड़ने पर जोर दे रही है। विधानसभा चुनाव में करीब 38 फीसदी मत हासिल करने वाली पार्टी अब 40 से 45 फीसदी मत का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रही है।
