टिहरी : टिहरी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर मुनी की रेती थाना पुलिस ने तपोवन में शाम पांच बजे से रात दस बजे तक लगातार चेकिंग अभियान चलाना शुरु कर दिया है। यह चेकिंग अभियान निर्धारित समय के बाद शिवपुरी की ओर जाने वाले राफ्टिंग कंपनियों के वाहनों को रोकने के लिए चलाया जा रहा है। पहले दिन करीब एक दर्जन से अधिक राफ्टिंग कंपनी के वाहनों को तपोवन चौकी पुलिस ने चेकिंग के दौरान वापस मुनी की रेती की और भेज दिया।टिहरी पुलिस के द्वारा दिन ढलने के बाद गंगा में राफ्टिंग करने पर प्रतिबंध है।लेकिन कुछ संचालक शाम होने के बाद भी शिवपुरी में पर्यटकों को ले जाकर नियमों के विपरीत दिन ढलने के बाद गंगा में राफ्टिंग करा रहे हैं। इसलिए तपोवन चेक पोस्ट पर शाम पांच बजे के बाद राफ्टिंग कंपनियों के वाहनों को चेकिंग कर रोका जा रहा है। बताया पहले दिन एक दर्जन से अधिक राफ्टिंग कंपनियों के वाहनों को तपोवन चेकपोस्ट से वापस मुनी की रेती भेजा गया है। चेतावनी भी दी गई है यदि बार-बार निर्धारित समय के बाद तपोवन चेक पोस्ट पर राफ्टिंग कम्पनी के वाहन शिवपुरी की ओर जाते पकड़े गए तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
