केदारनाथ धाम में बाबा के भक्तों को बारह ज्योतिर्लिंगों के एक साथ होंगे दर्शन

केदारनाथ धाम में बाबा के भक्तों को बारह ज्योतिर्लिंगों के एक साथ दर्शन हो सकेंगे। यहां मंदिर के पीछे भव्य शिव उद्यान का निर्माण किया जाएगा। साथ ही संग्रहालय भी बनेगा जिसमें केदारपुरी के इतिहास से जुड़ी प्राचीन वस्तुएं और साहित्य संग्रहित होगा। मास्टर प्लान के तहत पुनर्निर्माण के तीसरे चरण में ये सभी प्रस्तावित कार्य होने हैं जिनकी डीपीआर तैयार की जा रही है।

मास्टर प्लान के तहत पुनर्निर्माण के तीसरे चरण में केदारनाथ मंदिर के पीछे भव्य शिव उद्यान बनाया जाएगा। उद्यान मंदिर के पीछे स्थापित दिव्य शिला के समीप से होकर आदिगुरु शंकराचार्य समाधिस्थल तक बनेगा। यहां भगवान के बारह ज्योतिर्लिंगों के चित्र और उनकी महत्ता के बारे में जानकारी मिलेगी। यहां देव पुष्प व पादपों की वाटिका विकसित की जाएगी जिसमें बेलपत्री, सुराई, पदम, ब्रह्मकमल, भृंगराज आदि पुष्प व पादप प्रजातियों का रोपण किया जाएगा। तीसरे चरण में संग्रहालय भी बनाया जाएगा। इसमें पंचकेदार के साथ ही भगवान शिव के मंदिरों से जुड़ी जानकारी उपलब्ध होगी। इसके अलावा श्रद्धालु यहां योग व ध्यान कर सके। डीएम मयूर दीक्षित ने बताया कि उद्यान को पूरी तरह से प्राकृतिक स्वरूप दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *