खराब फॉर्म से जूझ रही दिल्ली कैपिटल्स की टीम आज रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) के खिलाफ आईपीएल-16 में अपनी पहली जीत दर्ज करने के इरादे से उतरेगी। यह मुकाबला आरसीबी के होम ग्राउंड एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम भी पिछले दो मैच हार चुकी है और उस पर भी लगातार तीसरी हार का खतरा बना हुआ है। दोनों टीमों के आंकड़ों की बात करें तो दिल्ली के खिलाफ बैंगलोर ने 62 प्रतिशत मैच जीते हैं। दोनों टीमों के बीच 29 मुकाबले खेले गए हैं। इसमें से 18 मैच बैंगलोर ने और 10 मैच दिल्ली ने जीते हैं। एक मैच बेनतीजा रहा है। बेंगलुरु के चिन्नास्वामी में दोनों टीमें 11 बार भिड़ चुकी हैं। बैंगलोर ने छह और दिल्ली ने चार मैच जीते हैं। एक मैच बेनतीजा रहा है। भारत और दिल्ली के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत भी बेंगलुरु पहुंच गए हैं। वहां उन्होंने अपनी टीम दिल्ली कैपिटल्स के ट्रेनिंग सेशन के दौरान साथियों का हौसला बढ़ाया। पंत बेंगलुरु में नेशनल क्रिकेट एकेडमी (एनसीए) से जुड़ने के लिए गए हैं। वह कुछ दिनों में हल्की ट्रेनिंग शुरू कर सकते हैं। कार दुर्घटना के बाद पंत गुजरात टाइटंस के खिलाफ दिल्ली कैपिटल्स का मैच देखने दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम गए थे। तब वह पहली बार दुर्घटना के बाद किसी स्टेडियम में दिखे थे। दिल्ली के कप्तान डेविड वॉर्नर इस आईपीएल में अब तक लगातार दो अर्धशतक लगा चुके हैं। उन्होंने मुंबई इंडियंस के खिलाफ 51 और राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 65 रन की पारी खेली थी, लेकिन टीम को जीत नसीब नहीं हो पाई है। वॉर्नर के अलावा उप-कप्तान अक्षर पटेल ने भी अच्छा प्रदर्शन किया है, जबकि अन्य खिलाड़ियों ने निराश किया है। टीम प्रबंधन खराब प्रदर्शन को लेकर चिंतित है और कुछ भी उसके हक में नहीं जा रहा है। वहीं, बैंगलोर के कप्तान फाफ डुप्लेसिस की टीम आरसीबी भी हार से परेशान है। डुप्लेसिस और पूर्व कप्तान विराट कोहली टीम को अच्छी शुरुआत दिलाते हैं। ग्लेन मैक्सवेल भी अच्छा योगदान देकर टीम को बड़े स्कोर तक ले जाते हैं, लेकिन टीम के गेंदबाजों का अंतिम ओवरों में खराब प्रदर्शन बल्लेबाजों की मेहनत पर पानी फेर देता है। तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज और हर्षल पटेल शुरुआत में विकेट निकालने में सफल रहते हैं, लेकिन अंतिम ओवर में रन देने से टीम को हार मिल रही है। श्रीलंकाई स्पिन ऑलराउंडर वानिंदु हसरंगा आरसीबी के साथ जुड़ गए हैं और उम्मीद है कि टीम प्रबंधन गेंदबाजी को मजबूत करने के लिए उन्हें अंतिम एकादश में जगह देगा।
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर: विराट कोहली, फाफ डुप्लेसिस (कप्तान), अनुज रावत/महिपाल लोमरोर, ग्लेन मैक्सवेल, शाहबाज अहमद, दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), वानिंदु हसरंगा, डेविड विली, हर्षल पटेल, कर्ण शर्मा, मोहम्मद सिराज।
दिल्ली कैपिटल्स: डेविड वॉर्नर (कप्तान), पृथ्वी शॉ, मनीष पांडे, मिचेल मार्श, राइली रूसो/रोवमन पॉवेल, अक्षर पटेल, ललित यादव, अभिषेक पोरेल (विकेटकीपर), कुलदीप यादव, एनरिच नॉर्त्जे, खलील अहमद/मुकेश कुमार।
