चेन्नई सुपर किंग्स 2023 में अपनी शुरुआत 31 मार्च से गुजरात टाइटंस के खिलाफ अहमदाबाद में अपना अभियान शुरू करेगी. पिछले साल चेन्नई सुपर किंग्स का सीजन काफी खराब रहा था. टीम प्वॉइंट टैली में 9वें स्थान पर रही थी. लेकिन आईपीएल का आगामी सीजन फ्रेंचाइजी के लिए विशेष माना जा रहा है. इसकी वजह है कि चेन्नई अपने घर यानी एमए चिदंबरम स्टेडियम में वापस आ रहे हैं. इसके अलावा माना जा रहा है कि यह टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का बतौर खिलाड़ी अंतिम सीजन हो सकता है. ऐसे में धोनी के लिए फैन्स की दीवानगी कुछ ज्यादा ही बढ़ गई है. महेंद्र सिंह धोनी की एक झलक पाने की दीवानगी फैन्स के बीच इस कदर बढ़ गई है कि वह कोई मौका नहीं छोड़ना चाह रहे हैं. स्टेडियम में प्रैक्टिस के दौरान तो फैन्स इकट्ठा हो ही रहे हैं. धोनी को जिम करते हुए देखने के लिए भी लोगों की भीड़ जमा हो रही है. आईपीएल इस सीजन में होम एंड अवे गेम्स के अपने पुराने मॉड्यूल में लौट आया है. चेन्नई सुपर किंग्स को चेपॉक में सात मैच खेलने हैं. दर्शकों को ज्यादा से ज्यादा अपने साथ जोड़ने के लिए प्रैक्टिस सेशन देखने के लिए फैन्स को स्टेडियम में आने की अनुमति दी गई है. ऐसे में चिदंबरम स्टेडियम में भारी भीड़ अपने थाला यानी महेंद्र सिंह धोनी को देखने के लिए उमड़ रही है.
ऐसे में जब महेंद्र सिंह धोनी बल्लेबाजी के लिए उतरे तो दर्शक क्रेजी हो गए. अभ्यास मैच के दौरान जब सीएसके के कप्तान ने पार्क के बाहर एक गेंद फेंकी तो दर्शक खुशी से झूम उठे और जोर से चिल्लाने लगे. धोनी के एक्शन और दर्शकों की प्रतिक्रियाओं को कैमरे में कैद कर लिया गया और वीडियो क्लिप को फ्रेंचाइजी के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया गया था. लेकिन इसके साथ ही सोशल मीडिया पर धोनी और उनके फैन्स का एक वीडियो वायरल हो रही है. इस वीडियो में आप देख सकते हैं कि धोनी जिम में वर्कआउट कर रहे हैं और इस बिल्डिंग के बाहर लोगों की भीड़ जुटी हुई है और खिड़की से अपने ‘थाला’ को देख रही है. बिल्डिंग के बाहर खड़ी यह भीड़ लगातार ‘धोनी-धोनी’ चिल्ला रही है.
