चोट के कारण पहले से ही तीन मैचों की वनडे सीरीज से बाहर भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी के टेस्ट सीरीज में वापसी को लेकर भी संदेह है। शमी बेंगलुरु में राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) में हैं और वहां से रिपोर्ट्स उनके लिए सही नहीं हैं। वनडे सीरीज में उनके स्थान पर तेज गेंदबाज उमरान मलिक को शामिल किया गया था ।एनसीए स्टाफ अनुभवी गेंदबाज के रिकवरी और रिहैब का रोडमैप तैयार करेगा। फिलहाल उनकी वापसी को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं है। भारतीय टीम पहले से ही बांग्लादेश में वनडे मैचों में संघर्ष कर रही है और शमी की अनुपस्थिति टेस्ट सीरज से पहले मेहमानों के लिए एक बड़ा झटका है। बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज सौरभ कुमार, रवींद्र जडेजा के स्थान पर शामिल किए जा सकते हैं। जडेजा पिछले कुछ महीनों से इंजरी के कारण टीम से बाहर हैं। सौरभ कुमार फिलहाल इंडिया ए टीम का हिस्सा हैं और बांग्लादेश दौरे पर हैं। टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा तीसरे वनडे मैच से पहले ही बाहर हो चुके हैं, लेकिन यदि वह टेस्ट सीरीज के लिए भी फिट नहीं हो पाए तो उनके स्थान पर अभिमन्यू ईश्वरन को शामिल किया जा सकता है। ईश्वरन भी फिलहाल इंडिया ए की तरफ से बांग्लादेश दौरे पर हैं।
