उपचुनाव के नतीजों पर सपा की नजर

उत्तर प्रदेश में मैनपुरी लोकसभा सीट के अलावा दो विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव की मतगणना आज चल रही है। मैनुपरी-रामपुर में सपा उम्मीदवार आगे चल रहे हैं जबकि खतौली में सपा-रालोद के प्रत्याशी ने बीजेपी के उम्मीदवार पर बढ़त बना ली है। ये तीनों सीटें सपा के लिए काफी अहम है इसलिए सपा के नेता सुबह से ही उपचुनाव के नतीजों पर नजर बनाए हुए हैं। समाजवादी पार्टी मैनपुरी लोकसभा सीट और दो विधानसभा क्षेत्रों के नतीजों का बेसब्री से इंतजार कर रही है, जहां 5 दिसंबर को उपचुनाव हुए थे।

रामपुर विधानसभा सीट के लिए 5 दिसंबर को हुए उपचुनाव में 33.83 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जो 2022 के विधानसभा चुनाव की तुलना में 22.78 प्रतिशत कम है जब निर्वाचन क्षेत्र में 56.61 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। इससे पहले जब भी मतदान प्रतिशत में गिरावट होती थी, शायद ही कभी इस सीट पर जीतने वाली पार्टी में बदलाव होता था और ज्यादातर सपा जीती

इस बार स्थिति अलग नजर आ रही है जो समाजवादी पार्टी द्वारा रामपुर में पुनर्मतदान की मांग से जाहिर है सपा को भरोसा नहीं है और उसने आरोप लगाया है कि योगी आदित्यनाथ सरकार ने सपा समर्थकों, खासकर मुसलमानों को वोट नहीं डालने दिया। दूसरी ओर, रामपुर विधानसभा सीट आज तक कभी नहीं जीतने वाली भाजपा इस बार बाजी पलटने को लेकर आश्वस्त नजर आ रही है।

अक्टूबर, 2019 में रामपुर में हुए उपचुनाव में, जब सपा के वरिष्ठ नेता आजम खान ने लोकसभा के लिए चुनाव के बाद सीट छोड़ दी और विधानसभा उपचुनाव में अपनी पत्नी तज़ीन फातमा को मैदान में उतारा, तो उन्होंने 7,716 मतों के मामूली अंतर से सीट जीती। उस चुनाव में महज 40.81 फीसदी वोट पड़े थे, जो 2017 के विधानसभा चुनाव के मुकाबले करीब 15 फीसदी कम है। मतदान में गिरावट ने भाजपा को सपा को चुनौती देने की स्थिति में ला दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *